न्यूज़ स्टैंड18 नेटवर्क
नई दिल्ली। राज्य के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रवासी मजदूरों से दिल्ली नहीं छोड़ने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली छोड़कर मत जाइए। आने जाने में समय खराब हो जाएगा। सरकार आपका पूरा ख्याल रखेगी।
उन्होंने आगे कहा है कि इन 6 दिनों के लॉकडाउन में हम दिल्ली में बड़े स्तर पर बेड की व्यवस्था करेंगे। केंद्र सरकार हमारी मदद कर रही है। हम इसके लिए शुक्रगुजार हैं।
हमारी स्वास्थ्य व्यवस्था बहुत ज्यादा तनाव में है। किसी भी व्यवस्था की अपनी सीमाएं हैं। हम केंद्र सरकार के लगातार संपर्क में हैं। इस लॉकडाउन में हम दवाईयां और ऑक्सीजन की व्यवस्था करेंगे। सभी से गुजारिश है कि लॉकडाउन का पूरी तरह पालन करें। इस दौरान घर से बाहर न निकलें।
दिल्ली में आज रात 10 बजे से अगले सोमवार को सुबह 5 बजे तक 6 दिन के लिए लॉकडाउन लगाया जा रहा है।
इस दौरान आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी। लोगों की शादियां केवल 50 लोगों के साथ सम्पन्न होंगी, उसके लिए अलग से पास दिए जाएंगे। मुझे उम्मीद है कि यह छोटा लॉकडाउन है और छोटा ही रहेगा और शायद इसे बढ़ाने की जरूरत नहीं पडे़गी।
