न्यूज़ स्टैंड18 नेटवर्क
मुंबई। गड्ढों से परेशान मुंबईकरों को निजात दिलाने के लिए भारतीय जनता पार्टी की युवा मोर्चा इकाई ने मुंबई में एक अनोखा अभियान छेड़ा है। मोर्चा के कार्यकर्ता विरोध जताने के लिए सड़क के गड्ढों को खुद भर रहे हैं। इसी कड़ी मे युवा मोर्चा के मुंबई अध्यक्ष तेजिंदर सिंह तिवाना की अगुवाई में अंबोली में विरोध स्वरूप सड़क के गड्ढे भरे गए।
ज्ञात हो कि भारतीय जनता युवा मोर्चा मुंबई द्वारा शहर में चल रही गड्ढों की समस्या एवं गड्ढों को भरने के नाम पर हुए भ्रष्टाचार के विरुद्ध 2 अक्टूबर से आंदोलन किया जा रहा है। इस आंदोलन के दौरान भाजपा युवा मोर्चा ने सड़कों की मरम्मत किए जाने की मांग को लेकर मनपा आयुक्त से मुलाकात के लिए समय मांगा था, जो नहीं दिया गया। प्रशासन के इस रवैए से परेशान होकर भारतीय जनता युवा मोर्चा मुंबई अध्यक्ष तेजिंदर सिंह तिवाना की अगुवाई में “शासन नहीं तो हम भरेंगे, मुंबई में गड्ढे नही चलेंगे” इस नारे के साथ युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने स्वयं अंबोली इलाके में गड्ढों को भरा।
मीडिया से बात करते हुए श्री तिवाना ने कहा कि, शिवसेना शासित बीएमसी ने 24 साल में 21 हजार करोड़ रुपये का बजट फूंक दिया है, लेकिन मुंबई में सड़कों की हालत अभी भी खराब है। सड़कों पर गड्ढे हैं। सोशल मीडिया पर जनता लगातार गड्ढों की जानकारी दे रही है, लेकिन न तो गड्ढे भरे जा रहे हैं और न ही बीएमसी का भ्रष्ट पेट भरा जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि BMC मार्शल मास्क का जुर्माने वसूलने के लिए मुंबई के कोने-कोने तक पहुंच जाती है, लेकिन गड्ढों को भरने के लिए उनके कर्मचारी नहीं पहुंचते। भ्रष्ट बीएमसी को सिर्फ अपनी जेब भरने और वसूली करने से मतलब है, BMC को जनता के कार्य करने में कोई दिलचस्पी नहीं है। उन्होंने BMC पर वार करते हुए कहा की अगर जनता की सेवा में लगन और उद्देश्य है, तो सड़कों पर गड्ढों को भरना कोई मुश्किल काम नहीं है और अगर बीएमसी अपना काम नहीं करती है तो मुंबईकरों की सुविधा के लिए उनकी अगुवाई में पूरे मुंबई में युवा मोर्चा कार्यकर्ता गड्ढे भरने का काम करेंगे।
