न्यूज़ स्टैंड18 नेटवर्क
मुंबई। कोरोना महाराष्ट्र में भयावह होता जा रहा है। अबतक के अपने ही सारे रिकार्ड को तोड़ते हुए पिछले 24 घंटे में 25,833 के आंकड़े को छू लिया है। पिछले साल 11 सितंबर को यह आंकड़ा 24,886 मरीजों की संख्या के साथ सबसे टॉप पर था।
राज्य के मुख्यमंत्री की हिदायत के बाद सड़कों पर लोगों के मुंह पर मास्क भी देखा जा रहा है, इसके बावजूद कोरोना की बढ़ोत्तरी स्वास्थ्य विभाग के समझ के बाहर है। नागपुर, नासिक, कल्याण सहित कई स्थानों पर रात्रि कर्फ्यू भी लगाया गया है। अगर यही हाल रहा तो मुंबई में भी कर्फ्यू लगाया जा सकता है।
खास बात यह है कि कोरोना की इस दुबारा बढ़ोत्तरी मे स्लम बस्तियों की संख्या कम है। गुरुवार को मुंबई में 2877 मरीज सामने आए हैं। यह अबतक का एक दिन सबसे बड़ा आंकड़ा है। अच्छी खबर यह है कि ठिक होने की दर 91 प्रतिशत है। कोरोना की दूसरी लहर ऐसे समय पर बढ़ रही है जब बड़ी संख्या में लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है।
मुंबई में गुरुवार तक 7,68,261 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई है। जिसमे सीनियर सिटीजन की संख्या 3,51,767 है। अगर इस बीच मुंबई में दुबारा लॉक डाउन लगा तो पटरी पर लौटती अर्थ व्यवस्था एक बार फिर बिगड़ जाएगी। धीरे धीरे अन्य राज्यों से मजदूरों के लौटने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। हालत नहीं सुधरे तो स्थिति बदतर हो सकती है। मनपा और स्वास्थ्य विभाग लोगों से बार बार नियमों के पालन करने का निवेदन कर रहा है।
