News Uttar Pradesh

रोजगार मेले के तहत प्रधानमंत्री के हाथों 26 सितंबर को 51 हजार नियुक्ति पत्रों का वितरण

वाराणसी सहित देशभर में 46 स्थानों पर आयोजन, वाराणसी में डाक विभाग के तत्त्वावधान में बीएचयू स्थित शताब्दी कृषि प्रेक्षागृह में होगा रोजगार मेला

न्यूज स्टैंड18 नेटवर्क
वाराणसी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 26 सितंबर को सुबह साढ़े दस बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिये नवनियुक्त अभ्यर्थियों को लगभग 51,000 नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नवनियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित भी करेंगे।
रोज़गार मेला देश भर में वाराणसी सहित 46 स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। वाराणसी में डाक विभाग के तत्त्वावधान में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय स्थित शताब्दी कृषि प्रेक्षागृह में रोज़गार मेले का आयोजन होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती अनुप्रिया पटेल, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री होंगी। आयोजन के नोडल अधिकारी वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव होंगे। इसी क्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल का वाराणसी एयरपोर्ट पर पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने डाक विभाग की तरफ से स्वागत किया।
गौरतलब है कि इस पहल का समर्थन करने वाले केंद्र सरकार के विभागों के साथ-साथ राज्य सरकारों/केंद्र शासित प्रदेशों में भर्तियां हो रही हैं। देश भर से नई भर्तियों में चयनित होने वाले अभ्यर्थी भारतीय डाक विभाग, भारतीय लेखा परीक्षा और लेखा विभाग, परमाणु ऊर्जा विभाग, राजस्व विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, रक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय सहित विभिन्न मंत्रालयों/विभागों में कार्य करेंगे।
रोजगार मेला रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक कदम है। उम्मीद है कि रोजगार मेला आगे रोजगार सृजन में उत्प्रेरक के रूप में कार्य करेगा तथा युवाओं को उनके सशक्तिकरण और राष्ट्रीय विकास में भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करेगा।
नवनियुक्त अभ्यर्थियों को आईजीओटी कर्मयोगी पोर्टल पर एक ऑनलाइन मॉड्यूल कर्मयोगी प्रारंभ के माध्यम से खुद को प्रशिक्षित करने का अवसर भी मिल रहा है, जहां ‘कहीं भी किसी भी डिवाइस’ सीखने के प्रारूप के लिए 680 से अधिक ई-लर्निंग पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए गए हैं।

Related posts

Celebrating 25 years since Rally Australia’s first WRC inclusion

newsstand18@

जौनपुर में भाजपा नेता प्रमोद यादव की गोली मारकर हत्या

newsstand18@

राहुल गांधी, योगी आदित्यनाथ, भाजपा, कांग्रेस सहित तमाम दिग्गजों का ट्विटर से ब्लू टिक हटा

newsstand18@