Rahul Gandhi: आज (शनिवार) शाम दिल्ली के लाल किला पहुंचकर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अगले 9 दिनों के लिए विश्राम पर चली जायेगी। यात्रा में शामिल लोग इस बीच अगली रणनीति तय करने के साथ अपने परिजनों से मिलने घर भी जा सकते हैं। दरअसल नव वर्ष के स्वागत समारोह और छुट्टियों को देखते हुए यह निर्णय लिया जा रहा है।
शनिवार रात से भारत जोड़ो यात्रा 9 दिन के रेस्ट पर रहेगी। यात्रा की दुबारा शुरुआत 3 जनवरी से उत्तर प्रदेश से होगी। उत्तर प्रदेश में यात्रा तीन जिलों को कवर करेगी। गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर से भारत जोड़ो यात्रा एंट्री उत्तर प्रदेश में होगी। इसके बाद 4 जनवरी को बागपत, 5 जनवरी को शामली और 6 जनवरी को कैराना से होकर दूसरे चरण में एक बार फिर से हरियाणा (सोनीपत) में एंट्री करेगी। इसके बाद यात्रा पंजाब और जम्मू-कश्मीर के लिए आगे बढ़ जाएगी।
कन्याकुमारी से 7 सितंबर को शुरू हुई यात्रा अब तक 9 राज्यों का सफर तय कर चुकी है। इनमें तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा शामिल हैं। हालांकि, हरियाणा में यात्रा का दूसरा चरण बाकी है।
भारत जोड़ो यात्रा ने 107 दिन में 9 राज्यों के 46 जिलों को कवर किया है। यानी राहुल और उनके सहयोगी करीब 3000 किमी की यात्रा पूरी कर चुके हैं। पार्टी का लक्ष्य 150 दिनों में 12 राज्यों का सफर तय कर पैदल 3570 किलोमीटर की दूरी तय करना है, यानी सिर्फ 570 किमी का सफर और 3 राज्यों यूपी, पंजाब और जम्मू-कश्मीर से यात्रा का गुजरना बाकी है।
