न्यूज़ स्टैंड18 डेस्क
मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज की तस्वीर से छेड़छाड़ को लेकर मुंबई भाजपा काफी आक्रोशित है। इस संबंध तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा नेताओं ने सोमवार को आजाद मैदान पुलिस को एक लिखित शिकायत दिया।
पुलिस को दिए शिकायत पत्र मे भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. के खिलाफ कार्रवाई की मांग भाजपा समूह के नेता प्रभाकर शिंदे, विधायक मिहिर कोटेचा और पार्टी नेता विनोद मिश्रा के नेतृत्व में भाजपा के तमाम नगरसेवकों ने की है।
भाजपा नगर सेवक व मनपा मे भाजपा नेता विनोद मिश्रा ने कहा है कि, सभी भारतीयों के आराध्य देवता छत्रपति शिवाजी महाराज की घुड़सवारी की तस्वीर के साथ छेड़छाड़ की गई और क्रूर टीपू सुल्तान के चेहरे मे बदल दिया गया। श्रीनिवास ने अपने ही ट्विटर अकाउंट से इसे ट्वीट किया। उनका यह कृत्य छत्रपति शिवाजी महाराज को अपमानित करने वाला है और सभी हिंदुओं की भावनाओं को आहत करता है।
भाजपा नेता प्रभाकर शिंदे ने कहा कि इस जघन्य कृत्य का भारतीय जनता पार्टी द्वारा कड़ा विरोध किया जा रहा है। छत्रपति शिवाजी महाराज महाराष्ट्र की पहचान हैं और पूरी दुनिया में उनके प्रति प्रेम है। श्रीनिवास द्वारा शिवराय की तस्वीर के साथ छेड़छाड़ करने और सभी हिंदुओं पर अंधाधुंध अत्याचार करने वाले टीपू की तस्वीर पोस्ट करने की घटना बहुत गंभीर है और यह हिंदुओं के प्रति उनके नफरत को दर्शाता है। आदरणीय छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान भारतीय जनता पार्टी कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
भाजपा विधायक मिहिर कोटेचा ने चेतावनी दी कि पुलिस प्रशासन तुरंत श्रीनिवास के खिलाफ मामला दर्ज कर तत्काल कार्रवाई करे अन्यथा भाजपा इसका कड़ा जवाब देगी। इस मौके पर नगरसेवक कमलेश यादव, अभिजीत सामंत, भारतीय जनता पार्टी के सभी नगरसेवक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।