Mumbai Police: मुंबई उपनगर के मालाड का पाठनवाडी इलाका पुलिस की रडार पर आ गया है।
शनिवार को मुंबई पुलिस को एक फोन कॉल मिला, जिसमे कहा गया कि, 2 महीने के अंदर मुंबई के माहिम, भिंडी बाजार, नागपाड़ा और मदनपुर इलाके में बम धमाके होंगे। कॉलर की धमकी भरे कॉल से मुंबई पुलिस के होश उड़ गए। पुलिस तत्काल कॉल को ट्रेस करने के प्रयास में जुट गई, जिससे कॉलर का पता लगाया जा सके। इस धमकी भरे कॉल से महाराष्ट्र ATS (Maharashtra Anti Terrorist Squad) भी एक्टिव हो गया। एटीएस ने एक शख्स को मालाड इलाके के पठानवाड़ी से हिरासत में लिया है।
गिरफ्तार शख्स ने मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम में फोन कर शहर के कई इलाकों में बम धमाके होने की बात कही थी। पुलिस को फोन करने वाले शख्स ने कहा था कि मुंबई में साल 1993 की तर्ज पर जगह-जगह बम धमाके होंगे। हालांकि अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी ने ये धमकी किसके कहने पर और क्यों दी है।
1993 के मुंबई दंगे के समय शांत रहने वाले पठानवाड़ी से पिछले कुछ समय अपराधिक गतिविधियों में लिप्त कई लोग पुलिस के हत्थे चढ़ चुके हैं। मुंबई पुलिस को बम ब्लास्ट की धमकी के बाद पठानवाड़ी पर पुलिस कड़ी नजर रख रही है। रात में पुलिस ने पठानवाड़ी और आसपास के इलाकों में पेट्रोलिंग बढ़ा दी है।
