न्यूज़ स्टैंड18 नेटवर्क
चित्रकूट। आज प्रियंका गांधी के चित्रकूट पहुंचने पर लड़कियों ने जमकर नारा लगाया, लड़की हूं लड़ सकती हूं। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के किनारे प्रियंका गांधी ने महिलाओं और लड़कियों को संबोधित किया। इसके पहले उन्होने चित्रकूट के ऐतिहासिक मत्तगजेंद्र शिव मंदिर में पूजन अर्चन किया।
प्रियंका गांधी ने कहा कि, जब आपका शोषण किया जा रहा है, और आप पर अत्याचार किया जा रहा है, आपको पीटने वालों से अपना हक मांगेंगे तो वो हक कभी नहीं मिलेगा.. अपने हक के लिए लड़ना पड़ेगा। जो सरकार आपके लिए कुछ कर ही नहीं रही है तो उसे आगे क्यों बढ़ाना?
उन्होंने कहा मैं यहां आपसे इसलिए बात करने आई हूं कि अपना मन बना लीजिए। आप आधी आबादी हैं। तो एकजुट होकर आप अपना हक क्यों नहीं मांग रही हैं? राजनीति में आपकी भागीदारी सुनिश्चित है। महिलाएं लड़ेंगी और लड़ने से समाज और राजनीति में एक बहुत बड़ा बदलाव आएगा। कोई ऐसा राजनैतिक दल नहीं होगा जो उन्हें रोक पाएगा।
