Bharat Jodo Yatra: भारत जोड़ो यात्रा के समर्थन में आज (शुक्रवार) शिवसेना सांसद संजय राऊत जम्मू-कश्मीर पहुंचे। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज कठुआ से शुरू हुई। शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के सांसद संजय राउत भी यात्रा में शामिल हुए।
इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि, मैं शिवसेना की तरफ से आया हूं। देश का माहौल बदल रहा है और मैं राहुल गांधी को आवाज़ उठाने वाले नेता की तरह देखता हूं। उनके समर्थन में भीड़ उमड़ रही है और लोग जुड़ रहे हैं।
ज्ञात हो कि, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अपने आखिरी चरण में है। श्रीनगर में ध्वज फहराने के साथ ही यात्रा का समापन हो जायेगा। शिवसेना ने महाराष्ट्र में यात्रा के प्रवेश पर भी अपना समर्थन दिया था। खुद आदित्य ठाकरे नांदेड़ में भारत जोड़ो यात्रा के साथ चले। भाजपा के लगातार शिवसेना पर हमले के बावजूद शिवसेना लगातार कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़ी है।
