Devkinandan thakur: कथा वाचक और वृंदावन में ठाकुर श्री प्रियाकान्त जू मंदिर के संस्थापक देवकीनंदन ठाकुर को सऊदी अरब से फोन पर जिन्दा जलाने और बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस बात की जानकारी खुद देवकीनंदन महाराज ने वीडियो के माध्यम से मीडिया से साझा की है। इस खबर के सामने आते ही पूरा देश आक्रोशित हो गया है। देवकीनंदन महाराज के देश भर में लाखों अनुयायी हैं।
मिली जानकारी के अनुशार सउदी अरब के एक कॉलर ने मोबाइल कॉल पर अश्लील गालियां देते हुए हिंदू धर्मगुरु को चौक पर जिंदा जलाने की धमकी दी। देवकीनंदन महाराज इस समय नई मुंबई के खारघर में श्रीमद्भागवत कथा का वाचन कर रहे हैं। जानलेवा धमकी पर संज्ञान लेते हुए नई मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही कथा पंडाल में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। धर्मगुरु की सुरक्षा को लेकर उनके परिवार और शिष्यों में चिंता है।
दरअसल, शनिवार दोपहर देवकीनंदन ठाकुरजी महाराज के पर्सनल मोबाइल नंबर पर सउदी अरब से कॉल आया, जिसे रिसीव करने पर फोन करने वाले शख्स ने ठाकुर पर मुसलमानों के खिलाफ बोलने का आरोप लगाया और फिर वह अश्लील गालियां देने लगा।
महाराज के विरोध करने पर उन्हें बम से उड़ाने और चौक पर जिंदा जलाने की धमकी दी गई। डेढ़ मिनट के कॉल का उनके साथी ने वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसकी जानकारी ट्विटर के माध्यम से स्थानीय पुलिस के साथ ही प्रधानमंत्री कार्यालय, गृहमंत्रालय और महाराष्ट्र समेत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को शेयर की गई।
