न्यूज़ स्टैंड18 नेटवर्क
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के पूर्वाचल से समाजवादी पार्टी चुनाव प्रचार का शंखनाद करने जा रही है। इसके लिए गाजीपुर जिला तय किया गया है, जहां सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रथयात्रा निकालक कर चुनावी अभियान का आगाज करेंगे। इसके पहले चरण की शुरुआत कानपुर से हो चुकी है, अब पूर्वांचल से मिशन 2022 की शुरुआत होगी।
समाजवादी पार्टी के इस विजय रथ यात्रा को लेकर गाजीपुर जिले में काफी उत्साह है। सक्रिय कार्यकर्ता तैयारियों मे जुट गए हैं। सपा सरकार मे कैबिनेट मंत्री रहे ओमप्रकश सिंह ने पत्रकारों को बताया कि, सपा की ओर से लगातार जनता से आशीर्वाद लेने के लिए विजय रथ जिले में चलेगा। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव 16 नवंबर को गाजीपुर में विजय रथ लेकर पहुंचेंगे।
रथयात्रा दिन भर भ्रमण करेगी और दो जगह सभाओं का आयोजन भी किया जाएगा। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के साथ गठबंधन के बाद पूर्वांचल का समीकरण दुरुस्त करने में जुटे अखिलेश यादव के लिए समाजवादी विजय यात्रा बेहद महत्वपूर्ण होगी। गाजीपुर से आजमगढ़ तक यह यात्रा निकालकर वह एक तीर से कई निशाने साधेंगे। गाजीपुर और आजमगढ़ सपा का वर्तमान गढ़ है। इसके पहले कभी जौनपुर सपा मजबूत जिला हुआ करता था, लेकिन जिले की आपसी गुटबाजी ने जौनपुर मे सपा को काफी कमजोर बना दिया है। मड़ियाहूं से सपा विधायक रही श्रद्धा यादव ने अपने विधानसभा में पार्टी को सबसे ज्यादा कमजोर किया है। यादवों के खास गांव हरिहरपुर में इन्होंने कभी कोई काम नहीं किया यही वजह है कि गांव के सबसे पुराने सपा नेता सर्वजीत यादव ने भाजपा का दामन थाम लिया है। सर्वजीत यादव भाजपा किसान मोर्चा संघटन के साथ काम कर रहे हैं। हरिहरपुर गांव अखिलेश यादव सरकार मे लोहिया गांव में शामिल होने के बाद भी श्रद्धा यादव ने यहां की यादव बस्ती में सड़क, रास्ते का काम नहीं किया। इसी से गांव के लोग नाराज हैं।
उम्मीद है इस यात्रा के जरिए पूर्व मुख्यमंत्री गाजीपुर समेत पूर्वांचल में लोगों को सियासी तौर पर जोड़ने का कार्य करेंगे। यात्रा के बाद 16 की शाम को कार्यकर्ता आजमगढ़ पहुंचेंगे। सपा के मुखिया आजमगढ़ में 17 को यात्रा समेत अन्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। गाजीपुर की सीमा पर गाजीपुर में जिलाध्यक्ष रामधारी यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता उनका भव्य स्वागत करेंगे।
