अजय भट्टाचार्य
ब्रज क्षेत्र के चारों जिलों में प्रत्याशियों की भरमार है, लेकिन पूरे उत्तर प्रदेश में चर्चा का विषय बनी मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट पर केवल तीन ही प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सबकी नजरें करहल विधानसभा सीट पर टिकी हैं। यहां से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल चुनाव लड़ रहे हैं। प्रत्याशियों की संख्या कम होने से यहां मुकाबला सीधा और दिलचस्प हो गया है। आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी जिला समेटे ब्रज क्षेत्र में कुल 23 विधानसभा सीटें हैं। इनमें आगरा जिले की 9 सीटों के लिए 108 उम्मीदवार मैदान में हैं। जबकि मथुरा की 5 सीटों पर 55, फिरोजाबाद की 5 सीटों पर 61 और मैनपुरी की 4 सीटों पर 22 उम्मीदवार हैं। जबकि यहां पहले और तीसरे चरण में मतदान होना है। इन जिलों में नामांकन का कार्य पूरा हो चुका है। नामांकन पत्रों की जांच के बाद एक अलग ही तस्वीर सामने आई है। ब्रज की 22 सीटों पर जहां औसतन 10 से 13 प्रत्याशी मैदान में हैं तो वहीं करहल विधानसभा सीट पर केवल तीन ही प्रत्याशी मैदान में हैं। करहल में तीसरे प्रत्याशी के रूप में बसपा के कुलदीप नरायन मैदान में हैं। ऐसे में इस सीट पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी हुईं। प्रत्याशियों की संख्या कम होने और सियासी धुरंधरों के करहल से चुनाव लड़ने के चलते यहां मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
करहल सीट से कांग्रेस ने जहां अपना प्रत्याशी नहीं उतारा है तो वहीं निर्दलीय व अन्य दलों के आठ नामांकन पत्र जांच में निरस्त हो गए हैं। ऐसे में वोटों का बिखराव होने से बच गया है। नामांकन पत्रों की जांच के बाद प्रत्याशियों की संख्या घटने से कहीं न कहीं चुनावी गणित गड़बड़ाता नजर आ रहा है। इसे दुरुस्त करने के लिए प्रत्याशी पुरजोर कोशिश में लगे हैं।
ब्रज में करहल के उलट मथुरा सीट पर सर्वाधिक 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस सीट से प्रदेश कैबिनेट में ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ऊर्जा भाजपा के टिकट पर मैदान में हैं। उनके सामने सपा से देवेंद्र अग्रवाल, कांग्रेस से प्रदीप माथुर, बसपा से एसके शर्मा और आम आदमी पार्टी से कृष्ण कुमार शर्मा आदि ताल ठोक रहे हैं। इसके अलावा आगरा कैंट में 10, आगरा दक्षिणी में 10, आगरा देहात में 09, आगरा उत्तरी में 13, फतेहपुर सीकरी में 11, खैरगढ़ में 13, फतेहाबाद में 13, बाह में 14 और एत्मादपुर में 14 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। मथुरा जिले की पांच विधानसभा सीटों पर कुल 55 उम्मीदवार मैदान में हैं जिनमें मथुरा में 15, मांट में 09, गोवर्धन में 13, छाता में 12, बलदेव में 06 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इसी तरह फिरोजाबाद की फिरोजाबाद सदर में 12, टूंडला में 13, जसराना में 13, शिकोहाबाद में 09, सिरसागंज में 14 उम्मीदवार मिलाकर कुल 61 उम्मीदवार मैदान में हैं। मैनपुरी जिले की मैनपुरी सदर पर 04, भोगांव पर 09, किशनी पर 06, करहल पर 03 उम्मीदवारों का भाग्य दांव पर है।
(लेखक देश के जाने माने पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक हैं।)
