Madhy pradesh news: मध्य प्रदेश की राजनीति में इन दिनों भाजपा-कांग्रेस के बीच तेवर तल्ख हो गए हैं। ताजा बयान में राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को कुंठित कहा है।
दरअसल पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एक कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान कहा था कि, 8 महीने में चुनाव है। अधिकारियों और पुलिस को कह दीजिएगा कि 8 महीने में हम आपसे हिसाब लेंगे। सभी कर्मचारी और पुलिस के लोग कान खोलकर सुन लें कि उनका अच्छा हिसाब लिया जाएगा।
कांग्रेस नेता के इसी बयान पर टिप्पणी करते हुए शिवराज सिंह ने कहा कि, ये उनकी(कमलनाथ) कुंठा बोल रही है। कभी वो खुद को भावी मुख्यमंत्री बताते हैं, कभी भविष्य वक्ता हो जाते हैं। एक कुंठित व्यक्ति ही ऐसी भाषा बोल सकता है कि देख लूंगा, निपटा दूंगा। कमलनाथ जी आप बुजुर्ग नेता हैं, कम से कम संयम का परिचय दीजिए।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को मिल रहे भारी जनसमर्थन से पूरी कांग्रेस उत्साहित है। मध्य प्रदेश कांग्रेस को लगता है कि, अगले चुनाव में एक बार दुबारा कांग्रेस राज्य की सत्ता में वापसी कर सकती है। कमलनाथ इन दिनों लगातार लोगों के साथ कार्यक्रम ले रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने उक्त बयान दिया था।
