न्यूज स्टैंड18 नेटवर्क
मुंबई। कुरार पुलिस पुलिस स्टेशन अंतर्गत गांधी नगर में दिनदहाड़े एक युवती पर गुंडों ने हमला किया। हमलावर नकाब पहन कर आए थे। इस मामले में पुलिस हमलावरों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
पीड़ित परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर पीड़ित घर के बाहर साफ सफाई कर रही थी उसी समय दो लोग आए और इलेक्ट्रिक केबल से युवती पर जानलेवा हमला कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों को नकाब पहने देखा जा सकता है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। कुरार पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पीड़ित परिवार के अनुसार हमलावरों ने चेतावनी दी, “हमारे खिलाफ शिकायत करेगी? तो तुझे जिंदा नहीं छोड़ेंगे।” उन्होंने युवती के सिर, चेहरे और छाती पर हमला किया है।
पीड़िता ने हमलावरों की पहचान शिवम सिंह और राहुल विश्वकर्मा उर्फ आडी के रूप में की है। इनके अलावा अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता के परिवार का आरोप है कि यह हमला किसी व्यक्तिगत रंजिश का नहीं, बल्कि इलाके में कथित गुंडागर्दी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार खबरें लिखने वाले वरिष्ठ पत्रकार व ‘मेट्रो दिनांक’ के संपादक दीनानाथ तिवारी के परिवार को निशाना बनाने की साजिश है।
