विजय यादव/न्यूज स्टैंड18 नेटवर्क
मुंबई। कुरार पुलिस ने मोटर स्कूटर चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उससे कुल 11 मोटर स्कूटर बरामद किए हैं। आरोपी और उसके साथी मुंबई शहर तथा आसपास के इलाकों में मास्टर चाबी की मदद से स्कूटर चोरी करते थे।
कुरार पुलिस स्टेशन की सीमा में 3 अक्टूबर 2026 को होंडा कंपनी की डियो मोटर स्कूटर (नंबर एमएच 02 डीएक्स 8340) शुभ्रा पार्क बिल्डिंग के पास, पठाणवाड़ी, कुरारगांव, मालाड पूर्व से चोरी हो गई थी। इस मामले में शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और आरोपी को चालाकी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया। उसे 5 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी का नाम अमित दिलीप सोनी (उम्र 19 वर्ष) है। वह डिलीवरी बॉय का काम करता है और महात्मा फुले चाल, भीमनगर, कुरारगांव, मालाड पूर्व का रहने वाला है। पूछताछ में पता चला कि वह और उसका मित्र मिलकर मुंबई तथा बाहर के इलाकों में कई स्कूटर चोरी करते थे। वे वजेश्वरी, तुंगारेश्वर और वसई जैसे इलाकों में जाकर सड़क किनारे पार्क की गई उन स्कूटरों को चुराते थे, जो किसी भी चाबी से स्टार्ट हो जाती हैं। आरोपियों के पास मास्टर की होती थी, जिससे वे आसानी से स्कूटर स्टार्ट कर लेते थे।
आरोपी ने बताया कि उसने अपने मित्र के साथ कुरार पुलिस स्टेशन और आसपास के इलाकों से कुल 11 मोटर स्कूटर चोरी की हैं। इनमें से कई स्कूटरों से संबंधित मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। दूसरे आरोपी की उम्र 18 वर्ष से कम होने के कारण उसके खिलाफ बाल अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
बरामद किए गए 11 मोटर स्कूटरों में होंडा डियो, होंडा एक्टिवा, सुजुकी एक्सेस 125 और हीरो मेस्ट्रो आदि शामिल है। कुछ मामलों का जांच अभी जारी है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस आयुक्त (उत्तर प्रादेशिक विभाग) शशिकुमार मीना, पुलिस उप आयुक्त (परिभंडल-12) गजानन राजमाने और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई। कुरार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुशिलकुमार गायकवाड, भारत दराडे, ज्ञानेश्वर जाधव तथा टीम के अन्य सदस्यों ने कुशलता से इस मामले का खुलासा किया। कुरार पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है।
