न्यूज स्टैंड18 नेटवर्क
अहमदाबाद। डाक टिकट किसी भी राष्ट्र की सभ्यता, संस्कृति एवं विरासत के संवाहक हैं। सोशल मीडिया के इस दौर में युवा पीढ़ी को फिलेटली और पत्र लेखन जैसी अभिरुचियों से जोड़कर और भी रचनात्मक बनाया जा सकता है। उक्त उद्गार उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने ‘राष्ट्रीय डाक सप्ताह’ के क्रम में अहमदाबाद में 12 अक्टूबर को आयोजित ‘फन विथ फिलेटली दिवस’ पर आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किये। यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन अंतरराष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता-2026 में अहमदाबाद स्थित महाराजा अग्रसेन विद्यालय की कक्षा 8वीं की छात्रा मीरा पी. ठक्कर को गुजरात परिमंडल में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने ₹25,000 की धनराशि का चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। ‘डिजिटल दुनिया में मानवीय जुड़ाव क्यों मायने रखता है’ विषय पर आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में गुजरात परिमंडल के विभिन्न विद्यालयों के कुल 1796 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें अहमदाबाद स्थित महाराजा अग्रसेन विद्यालय की छात्रा मीरा पी. ठक्कर ने प्रथम स्थान, वडोदरा स्थित भारतीय विद्या भवन्स वी. एम. पब्लिक स्कूल की छात्रा केशवी डी. जोशी ने द्वितीय स्थान तथा पाटन स्थित सरियद कुमार प्राथमिक विद्यालय के छात्र दीक्षित टी. रबारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर यूपीयू अंतरराष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा के पिता डॉ. पार्थिव कनुभाई ठक्कर एवं माता डॉ. मित्तल पार्थिव ठक्कर भी उपस्थित रहे।
पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि डिजिटल युग में भी पत्रों का अपना विशेष महत्व है, क्योंकि वे मानवीय भावनाओं, आत्मीयता और व्यक्तिगत जुड़ाव को सशक्त रूप से अभिव्यक्त करते हैं। वहीं, फिलेटली अर्थात डाक टिकट संग्रह विद्यार्थियों को देश-दुनिया के इतिहास, कला, संस्कृति एवं विरासत से जोड़ने का एक रोचक माध्यम है। फिलेटली को “किंग आफ हॉबी व हॉबी आफ किंग” के रूप में जाना जाता है, जिसमें रूचि रखने पर विविध विषयों पर डाक टिकटों का संग्रह कर सकते हैं। संचार के बदलते दौर में आज की युवा पीढ़ी सोशल मीडिया की ओर अधिक आकर्षित हो रही है, ऐसे में बच्चों को पत्र लेखन और फिलेटली से जोड़ना विशेष रूप से महत्त्वपूर्ण है। डाक विभाग द्वारा फिलेटली को प्रोत्साहित करने हेतु डाक टिकट प्रदर्शनियों के साथ फिलेटली जमा खाता, माई स्टाम्प, दीनदयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना, ढाई आखर पत्र लेखन प्रतियोगिता, यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन अंतरराष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता जैसी विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।
प्रवर डाक अधीक्षक श्री शिशिर कुमार ने बताया कि ‘राष्ट्रीय डाक सप्ताह–2026’ के अंतर्गत ‘फन विद फिलेटली दिवस’ पर अहमदाबाद सिटी डिवीजन द्वारा सिंधु भवन स्थित किताबी आंगन कैफ़े में “डिजिटल डिटॉक्स – पत्रों के माध्यम से फिर से जुड़ें” कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पत्रों के माध्यम से लोगों को जोड़ने तथा भारतीय डाक की विरासत को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।
कार्यक्रम के दौरान स्वागत भाषण प्रवर डाक अधीक्षक श्री शिशिर कुमार, आभार ज्ञापन सहायक निदेशक अल्पेश शाह एवं संचालन अभिषेक पीठडीया ने किया। इस अवसर पर सहायक निदेशक रितुल गांधी, सहायक अधीक्षक बिरंग शाह, रोनक शाह, डाक निरीक्षक भाविन प्रजापति, पायल पटेल, आदित्य देसाई सहित तमाम अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
