News

डाक सेवाओं के साथ-साथ वाई-फाई, कैफेटेरिया, मिनी लाइब्रेरी, युथ-केंद्रित कम्फर्ट सीटिंग स्पेस जैसी सुविधाएं प्रदान करेगा आई.आई.एम अहमदाबाद डाकघर

न्यूज स्टैंड18 नेटवर्क
अहमदाबाद।
भारतीय डाक डिजिटल सोच, आधुनिक सुविधाएँ और युवा ऊर्जा के साथ नए भारत की रफ्तार में कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है। पारंपरिक डाक सेवाओं से आगे बढ़ते हुए अब डाकघर एन-जेन (नेक्स्ट जेन) के लिए स्मार्ट और आधुनिक सेवा केंद्र के रूप में विकसित हो रहे हैं। केंद्रीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया के दृष्टिकोण से निर्देशित इस पहल के तहत डाकघरों को जीवंत, विद्यार्थी-केंद्रित, प्रौद्योगिकी-सक्षम स्थानों के रूप में पुनःपरिकल्पित किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुजरात के द्वितीय एवं अहमदाबाद के प्रथम एन-जेन (नेक्स्ट जेन) थीम आधारित नवीनीकृत आई.आई.एम डाकघर का उद्घाटन 2 जनवरी, 2026 को गुजरात परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल श्री गणेश वी. सावळेश्वरकर, आई.आई.एम अहमदाबाद निदेशक प्रो. भारत भास्कर तथा उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव द्वारा किया गया।

इस अवसर पर मुख्य पोस्टमास्टर जनरल श्री गणेश वी. सावळेश्वरकर ने कहा कि आई.आई.एम अहमदाबाद डाकघर को नई पीढ़ी (एन-जेन) की जीवनशैली, रुचियों और अपेक्षाओं के अनुरूप पुनःडिज़ाइन किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप यह एक जीवंत हैंगआउट-कम-सेवा केंद्र के रूप में विकसित हुआ है। कूल, आकर्षक और युवा-केंद्रित लुक-एंड-फील के साथ तैयार किया गया यह एन-जेन पोस्ट ऑफिस सार्वजनिक सेवा वितरण प्रणाली में एक परिवर्तनकारी छलांग को दर्शाता है, जिसे विशेष रूप से विद्यार्थियों, युवाओं और डिजिटल नेटिव्स को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।

आई.आई.एम अहमदाबाद के निदेशक प्रो. भारत भास्कर ने डाक विभाग की एन-जेन पोस्ट ऑफिस पहल को एक दूरदर्शी और समयोचित कदम बताते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस आधुनिक और तकनीक-सक्षम डाकघर से अधिकाधिक छात्र लाभान्वित होंगे तथा डाक विभाग की सेवाओं का सक्रिय रूप से उपयोग करेंगे। साथ ही, आई.आई.एम अहमदाबाद के छात्रों द्वारा एन-जेन पोस्ट ऑफिस में सक्रिय सहभागिता की भी सराहना की।

पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि युवा केंद्रित यह एन-जेन पोस्ट ऑफिस युवाओं को आधुनिक सुविधाएँ प्रदान करेगा, जिसमें वाई-फाई, कैफेटेरिया, मिनी लाइब्रेरी, पीओएस/ क्यूआर कोड स्कैन करके यूपीआई-आधारित डिजिटल भुगतान, युथ-केंद्रित कम्फर्ट सीटिंग स्पेस, छात्रों के लिए स्पीड पोस्ट व पार्सल सेवाओं पर 10% की विशेष छूट, ज्ञान पोस्ट, पार्सल पैकेजिंग सर्विस, आधार सेवा, फिलेटली, डाकघर बचत सेवाएँ, डाक जीवन बीमा, आईपीपीबी जैसी वित्तीय सेवाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, छात्रों के बीच आपसी संवाद और मनोरंजन को बढ़ावा देने के लिए इंडोर गेम्स की सुविधाएँ भी प्रदान की गई हैं।

आई.आई.एम छात्रों को अहमदाबाद के पहले एन-जेन थीम आधारित नवीनीकृत आई.आई.एम डाकघर को डिज़ाइन करने में उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया। यह अनोखा पोस्ट ऑफिस आई.आई.एम अहमदाबाद के छात्रों ने इंडिया पोस्ट के साथ मिलकर “छात्रों का, छात्रों द्वारा, छात्रों के लिए” की फिलॉसफी पर बनाया है। इसमें स्थानीय संस्कृति, युवा रचनात्मकता और आधुनिक डिजिटल सेवाओं का सुंदर मिश्रण देखने को मिलता है।

गौरतलब है कि गुजरात के पहले एन-जेन थीम आधारित नवीनीकृत भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) गांधीनगर डाकघर का शुभारम्भ 5 दिसंबर, 2025 को किया गया था। यह परिवर्तन एक राष्ट्रीय पहल का हिस्सा है, जिसमें शैक्षणिक परिसरों में स्थित 46 मौजूदा डाकघरों का नवीनीकरण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, इस नए साल में 54 अतिरिक्त डाकघरों को भी इस महत्वाकांक्षी नवीनीकरण कार्यक्रम के अंतर्गत शामिल किया जायेगा। इन डाकघरों में डिजिटल सुविधाओं, नवाचार और आकर्षक वातावरण के माध्यम से युवाओं को डाक सेवाओं से जोड़ने तथा उन्हें अधिक सुलभ, सहज और प्रासंगिक बनाने की परिकल्पना को साकार किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी के साथ अधिक प्रत्यक्ष, सार्थक और सतत जुड़ाव स्थापित करना है।

इस अवसर पर डाक प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक डॉ. एस. शिवराम, निदेशक डाक सेवाएं श्री सुरेख रेघुनाथेन, प्रवर डाक अधीक्षक, अहमदाबाद श्री चिराग मेहता, आई.आई.एम डीन प्रो. सतीश देवधर, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कर्नल (डॉ.) जगदीश सी. जोशी, प्रवर अधीक्षक श्री पियूष रजक, श्री शिशिर कुमार, आइपीपीबी चीफ मैनेजर श्री अभिजीत जिभकाटे, डिप्टी अधीक्षक श्री एस. के. वर्मा, श्री दीपक वाढेर, सीनियर पोस्टमास्टर श्री पी जे सोलंकी, सहायक निदेशक श्री वी एम वहोरा, श्री अल्पेश शाह, श्री रितुल गाँधी, सहायक डाक अधीक्षक श्री विशाल चौहान, श्री अलकेश परमार, श्री आर टी परमार, श्री हार्दिक राठोड, श्री एच जे परिख, श्री भाविन प्रजापति, पोस्टमास्टर सुश्री कृतिबेन मेहता सहित तमाम अधिकारी-छात्र उपस्थित रहे।

Related posts

Solberg wins Loheac RX in front of sell-out crowd

newsstand18@

Best Funny Wins & Fails Compilation February 2015

newsstand18@

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने अहमदाबाद में ‘दि आइडियल एण्ड ग्रेट स्टैम्प्स’ पेंटिंग प्रदर्शनी का किया उद्घाटन

newsstand18@