Uttar Pradesh

सपा विधायक तूफानी सरोज के जनेऊ टिप्पणी पर भड़का ब्राह्मण समाज, एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग

बरसाती लाल कश्यप/जौनपुर
जौनपुर।
केराकत विधानसभा क्षेत्र के विधायक तूफानी सरोज के कथित बयान को लेकर अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (रा०) ने कड़ा विरोध जताया है। संगठन की ओर से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर विधायक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच एवं विधिक कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में महासभा ने आरोप लगाया कि विधायक तूफानी सरोज द्वारा सार्वजनिक मंच पर सनातन धर्म के धार्मिक प्रतीक जनेऊ को लेकर कथित तौर पर अमर्यादित टिप्पणी की गई। संगठन का यह भी आरोप है कि बयान के दौरान पंडा-पुजारियों और ब्राह्मण समाज को लेकर भी आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया।
महासभा ने कहा कि जनेऊ सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रतीक है। संगठन के अनुसार, किसी जनप्रतिनिधि द्वारा सार्वजनिक रूप से इस तरह की कथित टिप्पणी किए जाने से धार्मिक भावनाएं आहत होने के साथ ही समाज में असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि कथित बयान का वीडियो सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर प्रसारित होने के बाद ब्राह्मण समाज में नाराजगी है। महासभा ने आरोप लगाया कि इस तरह के बयानों से विभिन्न वर्गों के बीच सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका रहती है। संगठन ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
महासभा ने जिलाधिकारी से मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो विधायक तूफानी सरोज के विरुद्ध कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक दंडात्मक कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही कथित आपत्तिजनक वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसार को रोकने के लिए भी आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी कदम उठाने की मांग की गई।
ज्ञापन में महासभा ने कहा कि संगठन सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का पक्षधर है, लेकिन धार्मिक आस्था और समाज के सम्मान से जुड़े मामलों में प्रशासन से त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा है। संगठन ने प्रशासन पर भरोसा जताते हुए मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की।
इस दौरान अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (रा०) के जिलाध्यक्ष श्रीकांत चतुर्वेदी समेत संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related posts

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास परिषद् के अध्यक्ष प्रो. नागेन्द्र पाण्डेय और पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पर जारी किया विशेष आवरण

newsstand18@

18 फरवरी 1911 को प्रयागराज में आरम्भ हुई थी दुनिया की पहली हवाई डाक सेवा – पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव

newsstand18@

श्री अन्न’ (मिलेट्स) पर जारी विशेष आवरण से देश-दुनिया में होगी इनकी ब्रांडिंग और प्रचार: पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव

newsstand18@