News

दैनिक जीवन से वैश्विक विकास तक, डाक सेवाओं की भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाता है ‘विश्व डाक दिवस’: पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव

न्यूज स्टैंड18 नेटवर्क
अहमदाबाद।
वैश्विक स्तर पर 9 अक्टूबर को ‘विश्व डाक दिवस’ मनाया जायेगा। इसी क्रम में भारत में डाक विभाग की बदलती भूमिका तथा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की व्यापकता को ध्यान में रखते हुए 9 से 15 अक्टूबर तक ‘राष्ट्रीय डाक सप्ताह’ मनाया जाएगा। उक्त जानकारी देते हुए उत्तर गुजरात परिक्षेत्र, अहमदाबाद के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि इस दौरान डाक सेवाओं में तकनीक एवं नवाचार के बढ़ते एकीकरण के साथ-साथ डाक सेवाओं को अधिक सुगम, सुलभ एवं सुविधाजनक बनाने के विभागीय प्रयासों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। वित्तीय समावेशन और नागरिक केंद्रित सेवाओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए ग्राहक आधार का विस्तार करने पर जोर दिया जाएगा।
पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि डाक सप्ताह के दौरान, हर दिन को एक विशेष उत्पाद या सेवा पर फोकस किया जाएगा, जिसके तहत विभिन्न गतिविधियाँ व कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 9 अक्टूबर को विश्व डाक दिवस, 12 अक्टूबर को ‘फन विद फिलेटली दिवस’, 13 अक्टूबर को वित्तीय समावेशन एवं नागरिक केंद्रित सेवा दिवस, 14 अक्टूबर को मेल्स एवं पार्सल दिवस और 15 अक्टूबर को ‘प्रौद्योगिकी व नवाचार दिवस’ (टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन डे) मनाया जायेगा। इस वर्ष विश्व डाक दिवस की थीम ‘विश्व डाक दिवस: एक डाक नेटवर्क, अनंत संभावनाएँ’ (‘वर्ल्ड पोस्ट डे: वन पोस्टल नेटवर्क, इनफिनिट पॉसिबिलिटीज’) है।
‘विश्व डाक दिवस’ का उद्देश्य लोगों एवं व्यवसायों के दैनिक जीवन में डाक विभाग की भूमिका तथा वैश्विक सामाजिक एवं आर्थिक विकास में डाक सेवाओं के योगदान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है। पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि ‘एक विश्व-एक डाक प्रणाली’ की अवधारणा को साकार करने हेतु 9 अक्टूबर, 1874 को ‘यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन’ की स्थापना बर्न, स्विट्जरलैंड में की गई, जिससे विश्व भर में एक समान डाक व्यवस्था लागू हो सके। भारत प्रथम एशियाई राष्ट्र था, जो कि 1 जुलाई 1876 को इसका सदस्य बना। कालांतर में वर्ष 1969 में टोकियो, जापान में सम्पन्न यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन कांग्रेस में इस स्थापना दिवस 9 अक्टूबर को ‘विश्व डाक दिवस’ के रूप में मनाने हेतु घोषित किया गया।
पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि डाक सप्ताह के दौरान डाक सेवाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं ग्राहक सेवा विस्तार द्वारा राजस्व अर्जन में वृद्धि पर जोर दिया जायेगा। 9 अक्टूबर को ‘विश्व डाक दिवस’ मनाया जायेगा। 12 अक्टूबर को ‘फन विद फिलेटली दिवस’ पर विद्यार्थियों को डाक सेवाओं व फिलेटली से जोड़ने के लिए फिलेटलिक प्रदर्शनी, माय स्टाम्प, विद्यालयों में संवादात्मक एवं जागरूकता कार्यक्रम, डाकघरों व फिलेटलिक ब्यूरो का भ्रमण, क्विज, ढाई आखर पत्र लेखन प्रतियोगिता एवं दीनदयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना इत्यादि गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। एन-जेन पोस्ट ऑफिस में फिलेटलिस्टों के साथ फिलेटली कार्यशाला एवं ग्रुप डिस्कशन का आयोजन किया जाएगा। 13 अक्टूबर को ‘वित्तीय समावेशन एवं नागरिक केंद्रित सेवा दिवस’ पर बचत सेवाओं, डाक जीवन बीमा, आधार कैम्प इत्यादि को लेकर डाक चौपाल, नुक्कड़ नाटक आयोजित किये जायेंगे। 14 अक्टूबर को ‘मेल्स एवं पार्सल दिवस’ पर बल्क कस्टमर्स के लिए कस्टमर मीट आयोजित की जाएगी ताकि ग्राहकों को मेल व पार्सल के तहत उठाए गए नए पहल के बारे में जानकारी दी जा सके, वहीं रेल डाक सेवा कार्यालयों में कर्मचारियों के लिए सॉर्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। 15 अक्टूबर को ‘प्रौद्योगिकी एवं नवाचार दिवस’ पर कर्मचारियों एवं ग्राहकों के लिए टेक्नोलॉजी क्विज का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन “एक डाक नेटवर्क, अनंत संभावनाएँ’” थीम को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से राष्ट्रव्यापी पोस्टाथॉन वॉक/रन का आयोजन किया जाएगा।

Related posts

जौनपुर के फरार आरोपी थानाध्यक्ष समेत दो पर 25 हजार का इनाम, गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश

newsstand18@

I.N.D.I.A की मुंबई बैठक में अलग अलग समितियों का गठन, जाने कौन क्या बना

newsstand18@

West Bengal: “रामनवमी जुलूस में शामिल लोगों से पुलिस एक ही सवाल पूछ रही, क्यों आए हो?”

newsstand18@