Uttar Pradesh

‘महिला सम्मान बचत पत्र’ में प्रयागराज परिक्षेत्र में महिलाओं ने किया 48.92 करोड़ रूपये का निवेश

न्यूज स्टैंड18 नेटवर्क
प्रयागराज।
डाक घरों में संचालित बचत योजनाएं आज भी सर्वाधिक लोकप्रिय हैं। लोग इनमें पीढ़ी-दर-पीढ़ी निवेश करते आ रहे हैं। प्रयागराज परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि प्रयागराज परिक्षेत्र के डाकघरों में गत वित्तीय वर्ष में 4.55 लाख नए बचत खाता खोले गए और 1.33 लाख एनएससी व केवीपी सर्टिफिकेट जारी हुए। प्रयागराज परिक्षेत्र में कुल 22.79 लाख बचत खाते संचालित हैं, जिनमें एसबी, आरडी, टीडी, एमआइएस, पीपीएफ, सीनियर सिटीजन, सुकन्या खाते शामिल हैं।

पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि नारी सशक्तिकरण और वित्तीय समावेशन की दिशा में ‘महिला सम्मान बचत पत्र’ और ‘सुकन्या समृद्धि योजना’ जैसी योजनायें अहम् भूमिका निभा रही हैं। आज़ादी के अमृत काल में महिलाओं के लिए आरम्भ ‘महिला सम्मान बचत पत्र’ को भी महिलाओं ने हाथों-हाथ लिया है। 1 अप्रैल, 2023 से आरंभ इस योजना में प्रयागराज परिक्षेत्र में साढ़े पाँच हजार से अधिक महिलाओं ने लगभग 48.92 करोड़ रूपये का निवेश किया है। वहीं ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ को मूर्त रूप देते हुए प्रयागराज परिक्षेत्र में अब तक कुल 3.12 लाख बेटियों के सुकन्या समृद्धि खाते खोले जा चुके हैं। 26 गाँवों में 10 वर्ष तक की सभी बालिकाओं को इस योजना से कवर करते हुए इन्हें ‘सम्पूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम’ में भी तब्दील कर दिया गया है।

गौरतलब है कि दो साल की अवधि की ‘महिला सम्मान बचत पत्र’ योजना लचीले निवेश और आंशिक निकासी के विकल्पों के साथ दो लाख रुपये की अधिकतम सीमा के साथ त्रैमासिक चक्रवृद्धि ब्याज 7.5 प्रतिशत का आकर्षक और निश्चित ब्याज प्रदान करती है। यह योजना 31 मार्च, 2025 तक दो साल की अवधि के लिए वैध है। इसमें न्यूनतम रुपये 1,000/- व अधिकतम रुपये 2 लाख का निवेश किया जा सकता है। वहीं, सुकन्या समृद्धि योजना के तहत मात्र ₹250 से 10 वर्ष तक की बेटियों का खाता डाकघर में खुलवाया जा सकता है। इसमें 8.2% ब्याज है, जो कि किसी भी लघु बचत योजना से अधिक है। यह खाता बेटियों की पढ़ाई एवं शादी के लिए एक वरदान की तरह है। आयकर की धारा 80 सी के तहत आयकर में डेढ़ लाख तक की छूट का भी प्रावधान इस खाते में है।

Related posts

दिल्ली में आयोजित ‘भारत सम्मान समारोह’ के बाद खुर्जा में वरिष्ठ नेता मुकेश मासूम ने फहीमुद्दीन फम्मन को किया सम्मानित

newsstand18@

डाक विभाग के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक में मात्र 258 रुपए में 10 लाख का दुर्घटना बीमा

newsstand18@

विदेशों में भी राखी का क्रेज: डाकघरों द्वारा अमेरिका, ब्रिटेन, सिंगापुर, खाड़ी देशों सहित तमाम देशों में भेजी जा रही राखियाँ

newsstand18@