News

डाकघर की बचत योजनाएँ आज भी पीढ़ी दर पीढ़ी सर्वाधिक लोकप्रिय: पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव

न्यूज स्टैंड18 नेटवर्क
अहमदाबाद।
सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के दौर में एडवांस्ड पोस्टल टेक्नोलॉजी 2.0 के साथ भारतीय डाक ने नई पहचान बनाते हुए सेवाओं को और आधुनिक व सशक्त बनाया है। डाक विभाग के विस्तृत नेटवर्क, विश्वसनीयता, सर्वसुलभता और सहज संवाद के चलते तमाम कल्याणकारी योजनायें समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रही हैं। आकर्षक ब्याज दरों के कारण आज भी डाकघर की बचत योजनाएँ सर्वाधिक लोकप्रिय हैं और इनमें लोग पीढ़ी दर पीढ़ी सुरक्षित निवेश करते आ रहे हैं। उक्त उद्गार उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने महेसाणा मंडल द्वारा आयोजित “डाक व्यवसाय विकास एवं वित्तीय समावेशन” महामेला का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। इस अवसर पर पोस्टमास्टर जनरल ने विभिन्न बचत योजनाओं, सुकन्या समृद्धि योजना, डाक जीवन बीमा, इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के लाभार्थियों को पासबुक व पॉलिसी बॉन्ड भी प्रदान किए और उत्कृष्ट कार्य करने वाले डाक कर्मियों को सम्मानित कर उनकी हौसला अफजाई भी की। महेसाणा मंडल के डाक अधीक्षक श्री सिराज मन्सुरी ने अतिथियों का स्वागत किया।

महामेला को संबोधित करते हुए पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि, एक ही छत के नीचे तमाम सेवाएं उपलब्ध कराकर डाकघरों को बहुद्देशीय बनाया गया है। बचत बैंक, बीमा, इण्डिया पोस्ट पेमेन्ट्स बैंक, डीबीटी, डिजिटल बैंकिंग, आधार, डाकघर पासपोर्ट सेवा केन्द्र,आधार नामांकन एवं अद्यतनीकरण, डाकघर निर्यात केंद्र, क्यूआर कोड आधारित डिजिटल भुगतान जैसी तमाम जनोन्मुखी सुविधाएं डाकघरों में उपलब्ध हैं। सीईएलसी के तहत घर बैठे बच्चों का आधार बनाने, मोबाइल अपडेट करने, डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट, डीबीटी, बिल पेमेंट, एईपीएस द्वारा बैंक खाते से भुगतान, वाहनों का बीमा, स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना जैसी तमाम सेवाएं आईपीपीबी द्वारा डाकिया के माध्यम से घर बैठे मुहैया कराई जा रही हैं। डाकघर निर्यात केंद्र लोकल टू ग्लोबल अभियान के तहत स्थानीय उद्योग और उद्यमियों को नई उड़ान दे रहे हैं। पीएम विश्वकर्मा योजना के टूल किट्स की डिलीवरी से लेकर एमएसएमई, ओडीओपी व जीआई उत्पादों की विशेष सुविधा तक, डाक विभाग उद्यमिता और व्यापार के संवर्द्धन में अहम भूमिका निभा रहा है। श्री यादव ने कहा कि डाक विभाग निरंतर आधुनिक सेवाओं को आमजन तक पहुँचाने और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है।

पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि वर्तमान में महेसाणा मंडल में वित्तीय समावेशन के तहत कुल 5.80 लाख बचत खाते, 94 हज़ार आईपीपीबी खाते, 70 हज़ार सुकन्या समृद्धि खाते संचालित हैं। इस वित्तीय वर्ष में डाक जीवन बीमा में 10 करोड़ रूपये व ग्रामीण डाक जीवन बीमा में 4 करोड़ रुपये की कुल प्रीमियम राशि जमा हुई। महेसाणा में 113 गाँवों को ‘सम्पूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम, 110 गाँवों को ‘सम्पूर्ण बीमा ग्राम’ और हाल ही में शुरू की गई नवीनतम पहल के अंतर्गत 18 गाँवों को ‘सम्पूर्ण बचत ग्राम भी बनाया जा चुका है। महेसाणा प्रधान डाकघर में संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्र के माध्यम से में 7,240 लोगों ने पासपोर्ट बनवाया।

महेसाणा मंडल के डाक अधीक्षक श्री सिराज मन्सुरी ने कहा कि इस महामेला का प्रमुख उद्देश्य आमजन को डाकघर से जुड़ी सभी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक लोगों को इन योजनाओं से जोड़ना है। श्री मन्सुरी ने बताया कि इस महामेला में महेसाणा मंडल द्वारा 10 हजार से अधिक बचत खाते, डाक जीवन बीमा व ग्रामीण डाक जीवन बीमा में 12 लाख रुपये से अधिक की प्रीमियम राशि, 1200 से अधिक आधार ट्रांजेक्शन, 500 से ज्यादा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के प्रीमियम खाते, 1000 से ज्यादा जनरल इंश्योरेंस का बिज़नेस प्राप्त किया हैं। साथ ही, महेसाणा मंडल के धमाबावा ब्रांच पोस्ट ऑफिस ने एपीटी 2.0 के अंतर्गत साबरमती गैस का पहला ई-पेमेंट कर डाक सेवाओं में डिजिटल पारदर्शिता और सुलभता को नई गति प्रदान दी।

इस अवसर पर अधीक्षक डाकघर श्री सिराज मन्सुरी, सहायक निदेशक श्री वारिस वहोरा, आइपीपीबी चीफ मैनेजर श्री अभिजीत जिभकाटे, मैनेजर श्री जे. रोहिथ, सहायक अधीक्षक श्री रमेश रबारी, श्री विजयपाल सिंघ, श्री धवल सुथार, श्री विशाल ब्रह्मभट्ट, डाक निरीक्षक श्री संदीप कुमार सहित तमाम स्थानीय जनप्रतिनिधि, डाक कर्मियों एवं सम्मानित जनता ने भागीदारी की।

Related posts

Solberg wins Loheac RX in front of sell-out crowd

newsstand18@

वाराणसी परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव सिक्किम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य के हाथों ‘साहित्य शिल्पी सम्मान’ से सम्मानित

newsstand18@

बैनर लहराकर और नारे लगाकर अपना समय गुजार रहे विपक्षी दल: देवेंद्र फडणवीस

newsstand18@