News

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन अंतरराष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता की विजेता विश्वाबा ए. वाघेला को किया सम्मानित

न्यूज स्टैंड18 नेटवर्क
अहमदाबाद।
आज के इस तेज़ रफ्तार युग में, जब संवाद का अधिकांश माध्यम डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म तक सीमित हो गया है, तब भी पत्र लेखन की परंपरा अपनी प्रासंगिकता और गरिमा बनाए हुए है। हाथ से लिखा गया पत्र मन की गहराइयों से निकली अनुभूतियों को जीवंत रूप में सामने रखता है और पाठक के हृदय से सीधा संवाद स्थापित करता है। उक्त उद्गार उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने ‘यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन अंतरराष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता-2025’ के विजेता को सम्मानित करते हुए कही। अहमदाबाद स्थित एच. बी. कापड़िया प्राथमिक शाला की कक्षा 8वीं की छात्रा विश्वाबा ए. वाघेला को प्रतियोगिता में पूरे गुजरात परिमंडल में तृतीय स्थान प्राप्त करने पर पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव द्वारा ₹5,000 की धनराशि का चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। गौरतलब है कि यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन द्वारा “कल्पना कीजिए कि आप सागर हैं। किसी को पत्र लिखकर समझाइए कि उन्हें आपकी अच्छी देखभाल क्यों और कैसे करनी चाहिए” विषय पर आयोजित पत्र लेखन प्रतियोगिता में गुजरात परिमंडल के विभिन्न स्कूलों के 995 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। गुजरात परिमंडल में वड़ोदरा परिक्षेत्र से प्रांजल पी. अग्रवाल ने प्रथम स्थान, राजकोट परिक्षेत्र से एयर फोर्स स्कूल, जामनगर की सोनल आर. देर ने द्वितीय स्थान तथा अहमदाबाद मुख्यालय परिक्षेत्र से एच. बी. कापड़िया प्राथमिक शाला, अहमदाबाद की विश्वाबा ए. वाघेला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित यह प्रतियोगिता न केवल बच्चों की रचनात्मकता और लेखन क्षमता को प्रोत्साहित करने का माध्यम बनी, बल्कि उनमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता विकसित करने में भी सहायक सिद्ध हुई। विद्यार्थियों ने अपने पत्रों के माध्यम से समुद्र संरक्षण, पर्यावरणीय संतुलन और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का सशक्त संदेश दिया। यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन और भारतीय डाक विभाग द्वारा आयोजित यह पहल युवाओं विशेषकर जनरेशन-ज़ेड को सामाजिक व वैश्विक विषयों पर सोचने और अपनी भावनाओं को पत्र लेखन के माध्यम से अभिव्यक्त करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती है। अपने विचारों को रचनात्मक, संवेदनशील और प्रभावशाली शब्दों में व्यक्त करने का एक सुनहरा मौका देती है।

अहमदाबाद जीपीओ के सीनियर पोस्टमास्टर श्री अल्पेश शाह ने बताया कि भारतीय डाक विभाग द्वारा प्रति वर्ष ‘यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन अंतरराष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन 9 से 15 साल तक के बच्चों के लिए किया जाता है। इसमें राज्य या परिमंडल स्तर पर चयनित श्रेष्ठ तीन प्रतिभागियों को क्रमशः ₹25,000, ₹10,000 एवं ₹5,000 की पुरस्कार राशि प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में प्रमाण पत्र सहित प्रदान की जाती है।

इस अवसर पर सीनियर पोस्टमास्टर अहमदाबाद जीपीओ श्री अल्पेश आर. शाह, सहायक निदेशक श्री वी.एम. वहोरा, श्री एम. एम. शेख, श्री रितुल गांधी, सहायक अधीक्षक श्री जीनेश पटेल, श्री रमेश पटेल, श्री रोनक शाह, श्री भाविन प्रजापति, सहायक लेखाधिकारी श्री रामस्वरूप मंगावा, डाक निरीक्षक सुश्री पायल पटेल, योगेन्द्र राठोड, दीक्षित रामी सहित तमाम अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Related posts

Solberg wins Loheac RX in front of sell-out crowd

newsstand18@

नए संसद भवन पर विपक्ष के रुख पर योगी आदित्यनाथ ने कहा, विपक्ष द्वारा इस तरह की बयानबाजी अशोभनीय

newsstand18@

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने सौराष्ट्र व कच्छ परिक्षेत्र, राजकोट में की डाक सेवाओं की समीक्षा, लक्ष्यों की प्राप्ति पर दिया ज़ोर

newsstand18@