न्यूज स्टैंड18 नेटवर्क
मुंबई। मुंबई के चर्चगेट स्थित इंडियन मर्चेंट चेम्बर हॉल में सोक्रिटिस सोशल रिसर्च यूनिवर्सिटी और दिलासा फाउंडेशन द्वारा ‘मानद डाक्टरेट पदवी 2026’ प्रदान समारोह का आयोजन किया गया। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 25 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को इस सम्मान से नवाजा गया।
समारोह के लिए देश-विदेश से 300 से अधिक नामांकन प्राप्त हुए थे, जिनमें से गहन शोध और चयन प्रक्रिया के बाद 25 व्यक्तियों का चयन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. विजय पंडित (अग्रवाल कॉलेज के चेयरमैन) ने की, जबकि मंच संचालन डॉ. पद्मिनी कृष्णा और डॉ. के. योगेश (पूर्व निदेशक, मुंबई विद्यापीठ) ने संयुक्त रूप से किया।
मुख्य अतिथियों में डॉ. वरदानंद, जापान से पधारे आध्यात्मिक गुरु सावको कोबायासी, आध्यात्मिक चिंतक सेवकानंद जी, सुप्रसिद्ध शिक्षाविद डॉ. पद्मिनी कृष्णा व
व्यापार एवं उद्योग प्रशिक्षक डॉ. शशिधरन शामिल थे।
समारोह की शुरुआत गणेश वंदना और दीप प्रज्वलन से हुई। उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों का दिलासा फाउंडेशन की ओर से शॉल, पुष्पगुच्छ और सम्मान चिन्ह प्रदान कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मानद उपाधि प्राप्त करने वालों को समाज में नई जिम्मेदारियों और ऊर्जा के साथ और अधिक कार्य करने का संदेश दिया गया।
दिल्ली से आईएएस अधिकारी आगम मित्तल (पार्लियामेंट सेक्रेटेरिएट) ने फोन पर सभी सम्मानित व्यक्तियों को बधाई दी। समारोह के अंत में डॉ. के. योगेश ने आभार व्यक्त किया।इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने समारोह को गरिमामय बनाया। यह आयोजन सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षाविदों और सेवा भावना रखने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
