News

देश के 40 स्थानों पर आयोजित हुआ रोजगार मेला, नव नियुक्त युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया धन्यवाद

न्यूज स्टैंड18 नेटवर्क
अहमदाबाद।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर के 40 स्थानों पर 24 अक्टूबर, 2025 को आयोजित रोजगार मेले में सरकारी विभागों में नव-नियुक्तों को 51 हजार से अधिक नियुक्ति-पत्र प्रदान किये। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने विशेष वीडियो सन्देश के माध्यम से नव-नियुक्तों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। इस कड़ी में डाक विभाग के तत्त्वावधान में अहमदाबाद में सरदार पटेल नेशनल मेमोरियल प्रेक्षागृह में रोज़गार मेले का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती निमुबेन जयंतिभाई बांभनिया, राज्य मंत्री (भारत सरकार), उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग ने महापौर श्रीमती प्रतिभाबेन जैन, विधायक श्री कौशिकभाई जैन, उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव संग दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया।

अहमदाबाद में डाक विभाग, रेलवे, आयकर, वित्तीय सेवाएं, सीआइएसएफ, सीआरपीएफ, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण इत्यादि के नव-नियुक्त युवा अभ्यर्थी रोजगार मेला में शामिल हुए। श्रीमती निमुबेन जयंतिभाई बांभनिया, राज्य मंत्री (भारत सरकार) ने नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र सौंप कर उनके सुखद भविष्य की कामना की। समारोह के दौरान 29 महिला अभ्यर्थियों सहित कुल 155 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये गए। नव नियुक्त अभ्यर्थियों ने प्रधानमंत्री जी का आभार व्यक्त कर अपनी ख़ुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह अवसर उनके जीवन का स्वर्णिम अध्याय है, जो उन्हें राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देगा।

मुख्य अतिथि रूप में राज्य मंत्री श्रीमती निमुबेन जयंतिभाई बांभनिया ने अपने सम्बोधन में कहा कि, देशभर में आज आयोजित इस ‘रोजगार मेला’ ने युवाओं के जीवन में नई रोशनी लेकर आई है और उन्हें दीपावली का एक अनमोल उपहार प्रदान किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में अक्टूबर, 2022 से निरंतर आयोजित यह रोजगार मेला बदलते भारत की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रहा है — एक ऐसा भारत, जो अवसरों से भरा हुआ भारत है। देश के युवाओं का आत्मविश्वास मजबूत करना हमारा संकल्प है। उन्होंने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसे अभियानों ने देश में रोजगार सृजन की दिशा में क्रांतिकारी परिवर्तन लाया है। सरकारी सेवाओं के साथ-साथ वर्तमान में देश में लगभग 1.6 लाख से अधिक स्टार्टअप द्वारा 17.6 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। पीएम सेतु के माध्यम से आइटीआइ संस्थानों का उन्नयन किया जा रहा है। सभी नव-नियुक्तों से अपेक्षा है कि वे पूरी ईमानदारी और ‘सिटिजन फर्स्ट’ की भावना के साथ कार्य करें और हर नागरिक तक बेहतर सेवाएँ पहुँचाएँ।

उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने अपने सम्बोधन में कहा कि इस रोज़गार मेले के अवसर पर प्राप्त होने वाला नियुक्ति पत्र सिर्फ एक कागज या दस्तावेज मात्र नहीं है, बल्कि जीवन भर देश की सेवा करने का संकल्प लेने का एक सुनहरा अवसर है। देश के भविष्य के रूप में लोगों को युवाओं से काफी आशाएं हैं।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर अपने वीडियो सन्देश के माध्यम से नव-नियुक्तों से अपील की कि वे ‘नागरिक देवो भव’ के मंत्र को न भूलें और सेवा तथा समर्पण की भावना के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा, “पिछले 11 वर्षों से राष्ट्र विकसित भारत के निर्माण की दिशा में अग्रसर है, जिसमें युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रही है।” प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि युवाओं को सशक्त बनाना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि रोजगार मेले युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने का एक सशक्त माध्यम बन चुके हैं, और हाल ही में इन मेलों के माध्यम से 11 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं। सरकार ने ‘पीएम विकसित भारत रोजगार योजना’ शुरू की है, जिसका लक्ष्य 3.5 करोड़ युवाओं को रोजगार प्रदान करना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्किल इंडिया मिशन युवाओं को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है, और नेशनल करियर सर्विस प्लेटफार्म उन्हें नई अवसरों से जोड़ रहा है। इस प्लेटफार्म के माध्यम से अब तक 7 करोड़ से अधिक नौकरियों की जानकारी युवाओं तक पहुंचाई जा चुकी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जो उम्मीदवार यूपीएससी की अंतिम सूची तक पहुंचे, लेकिन सेलेक्ट नहीं हुए, उनकी मेहनत भी अब व्यर्थ नहीं जाएगी। ‘प्रतिभा सेतु पोर्टल के माध्यम से निजी व सार्वजनिक संस्थान इन युवाओं को आमंत्रित कर सकते हैं। प्रधानमंत्री ने आइ-गोट कर्मयोगी भारत प्लेटफार्म की उपयोगिता पर भी जोर दिया, जिसमें लगभग 1.5 करोड़ सरकारी कर्मचारी पहले से ही प्रशिक्षण ले रहे हैं। उन्होंने नव-नियुक्तों को इस प्लेटफार्म से जुड़ने और नए कार्य संस्कृति व अच्छे शासन की भावना को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि जीएसटी बचत उत्सव के माध्यम से इस त्योहारी मौसम में भी रोजगार सृजन में योगदान मिल रहा है।

Related posts

2024 मे फिर नरेंद्र मोदी बनेंगे प्रधानमंत्री: जगद्गुरु रामभद्राचार्य

newsstand18@

भारत के सुनहरे भविष्य को गढ़ने का कार्य कर रहे नवोदय विद्यालय: संयुक्त आयुक्त नवोदय विद्यालय समिति

newsstand18@

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर तिरंगा फहराया, बोले भारत मणिपुर के साथ

newsstand18@